Friday, October 23, 2026
Latest:
Uncategorized

PM मोदी का कल छात्रों से संवाद,शिक्षा मंत्री ने दिए अधिकारियों को निर्देश


 

देहरादून।  सोमवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ‘परीक्षा पे चार्चा’ कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को परीक्षा में तनाव से मुक्त रहने और सफलता के लिये गुरू मंत्र देंगे। इस विशेष कार्यक्रम का प्रदेशभर के विद्यालयों में डिजिटल माध्यम से सजीव प्रसारण किया जायेगा ताकि अधिक से अधिक छात्र-छात्राएं इस महत्वपूर्ण चर्चा का लाभ उठा सकें। इसके लिये विभागीय अधिकारियों को विद्यालय स्तर पर सभी आवश्यक तैयारियां पूरा करने के निर्देश दे दिये गये हैं।

विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने गत दिवस अपने शासकीय आवास पर इस संबंध में विद्यालयी शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक ली। जिसमें उन्होंने ‘परीक्षा पे चर्चा’ कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर विभागीय अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हर वर्ष की भांति इस बार भी दिल्ली स्थित भारत मण्डपम से ‘परीक्षा पे चर्चा’ कार्यक्रम के जरिये परीक्षा को लेकर छात्रों के मन में उठने वाले सवालों का जवाब देंगे और उनकी चिंताओं का समाधान करेंगे। विभागीय मंत्री ने कहा कि इस वर्ष प्रदेश के 10 लाख से अधिक छात्र-छात्राएं परीक्षा को लेकर प्रधानमंत्री की इस विशेष पहल का लाभ उठायेंगे। इसके लिये विभागीय अधिकारियों को सभी शासकीय, अशासकीय एवं निजी विद्यालयों में ‘परीक्षा पे चर्चा’ कार्यक्रम का सजीव प्रसारण अनिवार्य रूप से कराने के निर्देश दिये गये हैं। कार्यक्रम में कक्षा 6 से लेकर 12 तक के छात्र-छात्राओं के अभिभावक, शिक्षक, विभागीय अधिकारी एवं क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि भी प्रतिभाग करेंगे और छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्द्धन करेंगे।

डॉ. रावत ने बताया कि ‘परीक्षा पे चर्चा’ कार्यक्रम के इस संस्करण के लिये बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया है। इस कार्यक्रम को प्रदेश के विद्यार्थियों के लिये और खास बनाने के लिये विभागीय अधिकारियों को अन्य सहायक गतिविधियों के आयोजन के भी निर्देश दिये गये हैं ताकि बोर्ड परीक्षा में सम्मिलित होने वाले छात्र-छात्राएं तनावमुक्त रहकर बेहतर प्रदर्शन कर सके।

बैठक में महानिदेशक विद्यालयी शिक्षा झरना कमठान, निदेशक एससीईआरटी/माध्यमिक शिक्षा वंदना गर्ब्याल, अपर निदेशक डॉ. मुकुल सती सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

 

*परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम को तीन लाख छात्रों ने किया पंजीकरण*

शिक्षा मंत्री डॉ धन सिंह रावत ने बताया कि इस प्रेरणादायी कार्यक्रम का हिस्सा बनने के लिये प्रदेशभर के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और अभिभावकों ने रिकॉर्ड संख्या पंजीकरण कराया है। जिसमें विभिन्न विद्यालयों के 294123 छात्र-छात्राएं शामिल है। इसी प्रकार 32515 शिक्षकों तथा 11206 अभिभावकों ने भी प्रधानमंत्री से परीक्षा संबंधी प्रश्न पूछने के लिये अपना रजिस्ट्रेशन कराया है।

*छात्रों ने वीडियो बनाकर अपनी जिज्ञासा पीएम तक पहुंचाई*

डॉ रावत ने बताया कि पंजीकरण के अलावा राज्य के दूरस्थ क्षेत्र के कई छात्रों को ने अपने वीडियो बनाकर अपनी जिज्ञासा को प्रधानमंत्री तक पहुचाई है। उन्होंने बताया कि इनमें से एक बालिका का रेण्डम चयन परीक्षा पे चर्चा हेतु विकसित क्यूरेटेड गतिविधि के लिये हुआ है। डॉ रावत ने बताया कि इस रोमांचक कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को तनाव कम करने एवं विभिन्न विषयों पर ज्ञान और समझ बढ़ाने में मदद मिलेगी।

 



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *