वायरल वीडियो के आरोपों के बाद भाजपा ने हिमांशु चमोली को पद से हटाया – Apnu Uttarakhand
पौड़ी में एक युवक की आत्महत्या से पहले बनाए गए वायरल वीडियो में लगाए गए गंभीर आरोपों के बाद भारतीय जनता पार्टी ने युवा मोर्चा के प्रदेश मंत्री हिमांशु चमोली को तत्काल प्रभाव से पद से हटा दिया है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने जानकारी देते हुए कहा कि जैसे ही पार्टी के संज्ञान में यह विवाद आया, हिमांशु चमोली को युवा मोर्चा के पद से मुक्त कर दिया गया। भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष शशांक रावत ने इस संबंध में औपचारिक पत्र भी जारी कर दिया है।
भट्ट ने कहा कि भाजपा एक अनुशासित पार्टी है और इसके सिद्धांतों, नीतियों तथा शुचिता से कोई समझौता नहीं किया जाता। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह चमोली का व्यक्तिगत मामला है और कानून अपना काम करेगा।
इस बीच, वायरल वीडियो के बाद प्रदेश सरकार ने भी त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
