Uncategorized

खटीमा को मिलेगी जाम से मुक्ति,14.97 करोड़ से चौड़ी होगी खटीमा चौक से थारू विकास भवन तक सड़क


खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने गृह क्षेत्र खटीमा को बेहतर यातायात सुविधाओं की सौगात देते हुए 14.97 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित सड़क चौड़ीकरण परियोजना का भूमि पूजन किया। राणा मार्केट (सितारगंज रोड) में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने खटीमा चौक से थारू विकास भवन तक मोटर मार्ग के चौड़ीकरण कार्य का शुभारंभ किया। इस परियोजना के पूरा होने से क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बेहतर होने के साथ ही लंबे समय से बनी जाम की समस्या से भी राहत मिलने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि खटीमा चौक से थारू विकास भवन तक सड़क चौड़ीकरण होने से स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और आसपास के क्षेत्रों से आने-जाने वाले लोगों को बड़ी सुविधा मिलेगी। सड़क की क्षमता बढ़ने से आवागमन अधिक सुगम होगा और यातायात का दबाव कम करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए आधारभूत सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने खटीमा की जनता के साथ अपने भावनात्मक रिश्ते का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि खटीमा से उनका संबंध केवल एक जनप्रतिनिधि का नहीं, बल्कि मां-बेटे के अटूट रिश्ते जैसा है। यहां के लोगों का स्नेह और आशीर्वाद उन्हें निरंतर प्रदेश की सेवा करने की प्रेरणा और ऊर्जा देता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खटीमा के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, परिवहन और अन्य बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम किया जा रहा है। शिक्षा के क्षेत्र में राजकीय महाविद्यालय के भवन निर्माण, आईटीआई और बालिका विद्यालयों के आधुनिकीकरण जैसे महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं। वहीं, सड़कों के चौड़ीकरण, पुलों के निर्माण और बस अड्डे जैसी सुविधाओं के विकास से क्षेत्र की कनेक्टिविटी को मजबूत किया जा रहा है।

उन्होंने किसानों के हितों का उल्लेख करते हुए कहा कि चीनी मिल का संचालन, गन्ने की समय पर पेराई और किसानों को भुगतान सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके साथ ही खटीमा की जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए भी व्यापक स्तर पर कार्य किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि क्षेत्र में ऑक्सीजन पार्क, क्रोकोडाइल पार्क और धार्मिक स्थलों का विकास पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने में सहायक होगा। सरकार का प्रयास खटीमा को स्वच्छ, सुंदर और आधुनिक सुविधाओं से युक्त नगर के रूप में विकसित करना है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र के विकास से जुड़े कार्य आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।

कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री खटीमा चौराहे से पैदल कार्यक्रम स्थल तक पहुंचे। इस दौरान स्थानीय लोगों ने जगह-जगह फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, दायित्वधारी मोहिनी पोखरिया, संतोष गौरव, गंभीर सिंह धामी, किशन सिंह, रणजीत सिंह नामधारी, भाजपा नेता सतीश भट्ट, रामू भारती, अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।

खटीमा में सड़क चौड़ीकरण की यह परियोजना शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। इसके पूरा होने से स्थानीय व्यापारिक गतिविधियों को भी गति मिलने और आम लोगों को आवागमन में राहत मिलने की उम्मीद है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *