Friday, November 13, 2026
Latest:
Uncategorized

52.55 करोड़ की 26 योजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास,थत्यूड़ CHC बनेगा उप जिला चिकित्सालय – Apnu Uttarakhand


थत्यूड़ (टिहरी गढ़वाल)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को थत्यूड़ में आयोजित नौवें जौनपुर महोत्सव एवं क्रीड़ा-सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए क्षेत्र को 52.55 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं की सौगात दी। मुख्यमंत्री ने 30.50 करोड़ रुपये से अधिक की 11 योजनाओं का लोकार्पण और 22.04 करोड़ रुपये से अधिक की 15 योजनाओं का शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने थत्यूड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को उप जिला चिकित्सालय के रूप में उच्चीकृत करने सहित क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जौनपुर की समृद्ध लोकसंस्कृति, परंपराएं, लोककला और लोक संगीत उत्तराखंड की विशिष्ट पहचान हैं। ऐसे महोत्सव नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने के साथ स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि विकास के साथ अपनी संस्कृति और परंपराओं का संरक्षण भी सरकार की प्राथमिकता है।

पर्यटन और स्वरोजगार पर सरकार का फोकस

मुख्यमंत्री ने टिहरी झील को पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि करीब 1300 करोड़ रुपये की लागत से टिहरी झील एवं आसपास के क्षेत्रों को विशेष पर्यटन क्षेत्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। झील के चारों ओर रिंग रोड का निर्माण, वाटर स्पोर्ट्स, कयाकिंग, कैनोइंग और पैराग्लाइडिंग जैसी गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है। इससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ेंगे।

उन्होंने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों से पलायन रोकने के लिए पर्यटन, कृषि, उद्यानिकी और स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड के माध्यम से प्रदेश के उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार उपलब्ध कराया जा रहा है। मुख्यमंत्री के अनुसार इस ब्रांड की बिक्री छह करोड़ रुपये से अधिक हो चुकी है। वहीं, रिवर्स पलायन में 44 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।

35 हजार युवाओं को मिली सरकारी नौकरी

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में नकल विरोधी कानून लागू होने के बाद भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित हुई है। अब तक 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं। सरकार का प्रयास है कि युवाओं को शिक्षा, कौशल विकास और स्वरोजगार के माध्यम से आगे बढ़ने के पर्याप्त अवसर मिलें।

धनौल्टी-नागटिब्बा सड़क समेत कई घोषणाएं

मुख्यमंत्री ने जौनपुर क्षेत्र के विकास के लिए धनौल्टी-मोरियाणा-नागटिब्बा मोटर मार्ग के निर्माण को स्वीकृति देने की घोषणा की। इसके अलावा पालीगाड़ से थत्यूड़ बाजार तक आबादी क्षेत्र की बाढ़ सुरक्षा के लिए 273 लाख रुपये तथा भवन बाजार के आबादी क्षेत्र की सुरक्षा के लिए 4.72 करोड़ रुपये की स्वीकृति देने की घोषणा की। सबसे महत्वपूर्ण घोषणा थत्यूड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को उप जिला चिकित्सालय बनाने की रही। इससे क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री ने क्षेत्र में सड़क, शिक्षा, सिंचाई, पार्किंग और पशुपालन से जुड़ी योजनाओं के माध्यम से आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने की बात भी कही।

प्रगतिशील किसान और साहित्यकार को मिला सम्मान

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने ग्राम सभा साबली के प्रगतिशील कृषक कबूल चंद पुंडीर के कृषि एवं उद्यानिकी क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारों की सराहना की। सेब के साथ अदरक, कीवी, केसर, फूलों, आलू और रोजमैरी की खेती के जरिए स्वरोजगार को बढ़ावा देने के उनके प्रयासों को प्रेरणादायी बताया।

वहीं, ग्राम सभा पापरा निवासी साहित्यकार देवेंद्र प्रसाद चमोली को गढ़वाली भाषा में रामायण और महाभारत जैसे ग्रंथों का अनुवाद कर लोकभाषा एवं साहित्य के संरक्षण में योगदान देने के लिए ‘जौनपुर रत्न’ सम्मान से सम्मानित किया गया।

स्थानीय विधायक प्रीतम सिंह पंवार ने क्षेत्र में विकास योजनाओं और नई घोषणाओं के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया। उन्होंने कहा कि जौनपुर क्षेत्र में पर्यटन, कृषि और उद्यानिकी की अपार संभावनाएं हैं। इन क्षेत्रों में सुविधाओं का विस्तार स्थानीय लोगों की आर्थिकी को मजबूत करेगा।

कार्यक्रम में महोत्सव समिति के अध्यक्ष वीरेंद्र राणा, कार्यक्रम अध्यक्ष सुरेंद्र रावत, ब्लॉक प्रमुख सीता पंवार, राज्य मंत्री गीता रावत, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत, पूर्व विधायक महावीर रांगड़, मसूरी नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी, पूर्व अध्यक्ष मनमोहन मल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और क्षेत्रवासी मौजूद रहे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *