लालकुआं को राष्ट्रपति से मिला सम्मान, देहरादून को 62वीं रैंक – Apnu Uttarakhand
नई दिल्ली में विज्ञान भवन में आयोजित एक भव्य समारोह में गुरुवार को स्वच्छता सर्वेक्षण 2024-25 के नतीजे घोषित किए गए। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने आवास एवं शहरी मामलों के मंत्रालय (MoHUA) की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
स्वच्छता रैंकिंग में उत्तराखंड के नगर निगमों और नगर पालिकाओं का प्रदर्शन मिश्रित रहा। देहरादून नगर निगम को देशभर में 62वीं रैंक प्राप्त हुई, जबकि हरबर्टपुर नगर पालिका तीन स्थान फिसलकर 53वें स्थान पर पहुंची। उल्लेखनीय है कि हरबर्टपुर अब भी खुले में शौच मुक्त (ODF) का दर्जा प्राप्त नहीं कर पाई है, साथ ही उसे कूड़ा मुक्त शहरों की स्टार श्रेणी में भी स्थान नहीं मिला।
हरिद्वार को 363वीं, अल्मोड़ा को 907वीं, हल्द्वानी को 291वीं, कोटद्वार को 232वीं और पिथौरागढ़ को 177वीं रैंक प्राप्त हुई। उत्तराखंड के लिए गर्व की बात यह रही कि लालकुआं नगर को बेहतर स्वच्छता प्रयासों के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
इस कार्यक्रम के माध्यम से केंद्र सरकार ने देशभर के शहरों को स्वच्छता के प्रति प्रोत्साहित किया और ‘स्वच्छ भारत मिशन’ की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया। स्वच्छता रैंकिंग में बेहतर प्रदर्शन को अब शहरों के विकास और नागरिकों की जीवन गुणवत्ता से जोड़ा जा रहा है।
