Uncategorized

हरक सिंह रावत का बड़ा खुलासा – खनन माफिया से जुटाए थे फंड, BJP पर गंभीर आरोप – Apnu Uttarakhand


उत्तराखंड की राजनीति में एक बार फिर गर्मी आ गई है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर गंभीर आरोप लगाते हुए खनन घोटाले का बड़ा दावा किया है। उनका कहना है कि प्रदेश की खनन नीति के जरिए बीजेपी ने न सिर्फ अपना घर भर लिया, बल्कि पार्टी संगठन के लिए बैंक में 30 करोड़ रुपये की एफडी भी बनाई गई।

हरक सिंह रावत ने कबूल किया कि जब वे प्रदेश के वन मंत्री थे, तब उन्होंने खुद खनन माफियाओं से एक करोड़ रुपये से अधिक की रकमइकट्ठा कर बीजेपी की एफडी में योगदान दिया था। उन्होंने दावा किया कि उन्होंने रामनगर और हल्द्वानी जाकर खनन ठेकेदारों से 10-10 लाख रुपये के चेक मंगवाए थे।

रावत ने यह भी कहा कि इस मामले में उनकी भी जांच होनी चाहिए, क्योंकि वे खुद को भी दोषी मानते हैं। उन्होंने ईडी को चुनौती दी कि यदि ईमानदारी से एफडी की जांच की जाए कि किसने कितना पैसा जमा किया है, तो “पूरी बीजेपी सलाखों के पीछे होगी।”

इसके साथ ही हरक सिंह रावत ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सीएम भले ही खनन नीति की तारीफ कर रहे हों, लेकिन असलियत यह है कि अवैज्ञानिक खनन की वजह से प्रदेश में आपदाओं का खतरा लगातार बढ़ रहा है।

हालांकि, रावत ने यह भी स्पष्ट किया कि वे खनन के खिलाफ नहीं हैं। उनका मानना है कि तकनीकी रूप से रेत-बजरी हटाई जानी चाहिए, ताकि नदियों की गहराई बनी रहे और आसपास की बस्तियों को नुकसान से बचाया जा सके।

इस खुलासे के बाद उत्तराखंड की सियासत में हलचल मच गई है, और अब सभी की नजरें ईडी या सरकार की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *