Wednesday, September 9, 2026
Latest:
Uncategorized

नितिन नबीन ने कांग्रेस पर साधा निशाना,धामी सरकार की थपथपाई पीठ – Apnu Uttarakhand


देहरादून। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोलते हुए कांग्रेस की राजनीति को विभाजनकारी और तुष्टीकरण पर आधारित बताया। देहरादून में आयोजित भाजपा प्रदेश कार्यसमिति के दूसरे सत्र को संबोधित करते हुए नितिन नबीन ने कहा कि उत्तराखंड केवल भाजपा के लिए सत्ता का राज्य नहीं, बल्कि पार्टी की विचारधारा और सांस्कृतिक प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाने वाली भूमि है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी 2027 विधानसभा चुनाव में प्रचंड जीत दर्ज करने का आह्वान किया। नितिन नबीन ने कहा कि 2027 की जीत के साथ भाजपा को 2029 के लोकसभा चुनाव की ओर मजबूती से कदम बढ़ाना है। उन्होंने प्रदेश संगठन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की सरकार की तारीफ करते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं का सामर्थ्य और जनता का विश्वास इस बात का संकेत है कि उत्तराखंड में भाजपा का विजय रथ रुकने वाला नहीं है।

कांग्रेस पर विभाजनकारी राजनीति का आरोप

नितिन नबीन ने हल्द्वानी में कांग्रेस की ओर से उठाए गए मुद्दों को लेकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने उत्तराखंड की पवित्र भूमि पर राजनीतिक षड्यंत्र और विभाजनकारी राजनीति करने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि देवभूमि की संस्कृति और परंपरा लोगों को जोड़ने वाली है, जबकि कांग्रेस वोट बैंक की राजनीति के जरिए समाज को बांटने का प्रयास कर रही है।

उन्होंने कांग्रेस के इतिहास का जिक्र करते हुए दलित समाज के साथ कथित व्यवहार पर भी सवाल खड़े किए। नबीन ने कहा कि कांग्रेस लंबे समय तक सत्ता में रही, लेकिन दलितों के सम्मान और अधिकारों को लेकर उसके दावे उसके इतिहास से मेल नहीं खाते।

उन्होंने जम्मू-कश्मीर में धारा 370 के दौर का उल्लेख करते हुए कहा कि उस समय वाल्मीकि समाज के लोगों के लिए रोजगार के अवसर सीमित थे। नबीन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने डॉ. भीमराव आंबेडकर के सम्मान को आगे बढ़ाते हुए पंचतीर्थ विकसित किए।

धामी सरकार की योजनाओं की तारीफ

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और उनकी पूरी टीम की पीठ थपथपाते हुए कहा कि प्रदेश सरकार ने भाजपा की वैचारिक प्रतिबद्धताओं को जमीन पर उतारने का काम किया है।

उन्होंने उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता लागू करने, महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने, सरकारी सेवाओं में महिलाओं के आरक्षण, शहीदों के आश्रितों को अनुग्रह राशि और दीनदयाल उपाध्याय गृह आवास योजना के तहत होम स्टे जैसी पहलों की सराहना की।

नितिन नबीन ने कहा कि उत्तराखंड में भाजपा की जीत सिर्फ सरकार बनाने की जीत नहीं होगी, बल्कि यह पार्टी की विचारधारा की जीत होगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रदेश को लगातार भाजपा की विजय यात्रा में बनाए रखने का आह्वान किया।

सीमावर्ती गांवों को बताया ‘प्रथम गांव’

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने केंद्र सरकार की सीमा और पहाड़ी क्षेत्रों से जुड़ी नीतियों का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सोच में बदलाव आया है। पहले सीमावर्ती गांवों को देश का अंतिम गांव माना जाता था, जबकि अब इन्हें प्रथम गांव के रूप में विकसित किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि आज उत्तराखंड में सड़क और चारधाम से जुड़ी बड़ी परियोजनाओं पर काम हो रहा है। दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे और चारधाम ऑल वेदर रोड जैसी परियोजनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार प्रदेश के विकास के लिए प्रतिबद्ध है।

‘राष्ट्र प्रथम, पार्टी नेक्स्ट, सेल्फ लास्ट’

नितिन नबीन ने भाजपा की कार्यशैली को बताते हुए कहा कि पार्टी के लिए ‘राष्ट्र प्रथम, पार्टी नेक्स्ट और सेल्फ लास्ट’ की भावना सर्वोपरि है। उन्होंने कांग्रेस पर तुष्टीकरण की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा देश की संस्कृति, राष्ट्रवाद और विकास के मुद्दों को लेकर आगे बढ़ रही है।

उन्होंने मोदी सरकार के कार्यकाल का जिक्र करते हुए धारा 370 हटाने, राम मंदिर निर्माण, नई शिक्षा नीति, तीन तलाक पर रोक और जीएसटी जैसे फैसलों को ऐतिहासिक बताया। साथ ही स्टार्टअप, खेलो इंडिया, लखपति दीदी और महिला सशक्तिकरण जैसी योजनाओं का भी उल्लेख किया।

धामी बोले—उपलब्धियों का रिपोर्ट कार्ड लेकर घर-घर जाएं कार्यकर्ता

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने संबोधन में राष्ट्रीय अध्यक्ष का आभार जताते हुए कहा कि भाजपा सिर्फ राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का अभियान है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से विकसित, शक्तिशाली और आत्मनिर्भर राष्ट्र की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

धामी ने कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता सरकार के काम का सबसे बड़ा ब्रांड एंबेसडर है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की उपलब्धियों और विकास कार्यों को लेकर जनता के बीच जाने का आह्वान किया।

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए धामी ने कहा कि 60 वर्षों तक देश में शासन करने वाली कांग्रेस अब देश और विदेश में भ्रम और अफवाह फैलाने का काम कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच जाकर कांग्रेस के कथित झूठ और भ्रम को बेनकाब करने की अपील की।

चारधाम यात्रा और आदि कैलाश का किया जिक्र

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘इस दशक को उत्तराखंड का दशक’ बनाने के संकल्प को पूरा करने की दिशा में प्रदेश सरकार तेजी से काम कर रही है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष अब तक 50 लाख से अधिक श्रद्धालु चारधाम यात्रा पर पहुंच चुके हैं।

उन्होंने आदि कैलाश यात्रा का भी उल्लेख करते हुए कहा कि जहां पहले 500 से भी कम श्रद्धालु पहुंचते थे, वहीं इस वर्ष यह संख्या 60 हजार से अधिक हो गई है।

मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से कहा कि अब समय आ गया है कि सरकार की उपलब्धियों का रिपोर्ट कार्ड लेकर घर-घर पहुंचा जाए और आगामी 2027 विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत सुनिश्चित की जाए।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *