गुजरात के प्रसिद्ध मूर्तिकारों ने किया 21 फीट ऊंची मां यमुना के प्रतिमा का निर्माण
हरिपुर,कालसी। यमुना कृष्ण धाम पर स्थापित मां यमुना की 21 फीट ऊंची भव्य प्रतिमा इन दिनों श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। इस प्रतिमा का निर्माण गुजरात के सुप्रसिद्ध मूर्तिकारों द्वारा किया गया है, जिसे स्मार्ट ग्राफ आर्ट एडवर्टाइजिंग प्रा. लि. के बैनर तले तैयार किया गया है।
इस कार्य में मुख्य मूर्तिकार अहमदाबादनिवासी सिद्धेश्वर कानूगा, का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। इनके साथ गुजरात के दो सुप्रसिद्ध बंधु मूर्तिकारों ने इस प्रतिमा को आकार दिया है। इन कलाकारों की एक खास पहचान यह है कि ये संपूर्ण देश में गणतंत्र दिवस के अवसर पर राजपथ पर निकलने वाली भव्य झांकियों के निर्माण का कार्य भी बड़ी सिद्धत और कलात्मकता के साथ करते हैं। मूर्ति कला में इनकी महारत देश भर में प्रसिद्ध है।
जानकारी के अनुसार गुजरात के इन दोनों बंधुओं ने लगभग 3 महीने की कड़ी मेहनत, लगन और बारीक कलाकारी के बाद मां यमुना की इस दिव्य और विशाल प्रतिमा को तैयार किया है। प्रतिमा में मां यमुना के ममतामयी और दिव्य स्वरूप को अत्यंत सुंदर ढंग से दर्शाया गया है, जिसे देखकर श्रद्धालु भाव-विभोर हो रहे हैं।
लोक यमुना यमुना तीर्थ के अध्यक्ष गंभीर चौहान ने बताया कि इस प्रतिमा की स्थापना से घाट के धार्मिक महत्व में और वृद्धि हुई है। यमुना तीर्थ पर आने वाले श्रद्धालु अब मां यमुना की इस विशाल प्रतिमा के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त कर रहे हैं। मूर्तिकारों के इस उत्कृष्ट कार्य की क्षेत्रवासियों और श्रद्धालुओं द्वारा खूब सराहना की जा रही है।
