Uncategorized

दिसंबर 2026 तक पूरे होंगे हरिद्वार गंगा कॉरिडोर के कई अहम विकास कार्य,CM धामी ने यूआईआईडीबी की बैठक में की तीनों कॉरिडोर की समीक्षा


देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश की महत्वाकांक्षी अवसंरचनात्मक परियोजनाओं को गति देने के लिए अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री आवास में शुक्रवार को उत्तराखंड निवेश एवं आधारभूत संरचना विकास बोर्ड (यूआईआईडीबी) की पांचवीं बैठक में हरिद्वार गंगा कॉरिडोर, ऋषिकेश गंगा कॉरिडोर और शारदा रिवरफ्रंट कॉरिडोर की प्रगति की समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि जो परियोजनाएं शुरू होने की स्थिति में हैं, उनकी आवश्यक प्रक्रियाएं जल्द पूरी कर निर्माण कार्य शुरू कराया जाए। आगामी एक माह के भीतर कुछ परियोजनाओं के काम धरातल पर दिखाई देने चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास परियोजनाओं को आगे बढ़ाते समय संबंधित क्षेत्र की धार्मिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक पहचान का विशेष ध्यान रखा जाए। स्थानीय विशिष्टताओं को परियोजनाओं का हिस्सा बनाया जाए, ताकि पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी पैदा हों।

बैठक में बताया गया कि हरिद्वार गंगा कॉरिडोर के तहत 3,297 करोड़ रुपये की परियोजनाएं प्रस्तावित हैं। इनमें करीब 495 करोड़ रुपये की परियोजनाएं क्रियान्वयन के चरण में हैं। प्रशासनिक मार्ग का 75 प्रतिशत, हरकी पैड़ी के उत्तरी क्षेत्र का 70 प्रतिशत तथा हरकी पैड़ी और सुभाष घाट के पुनर्विकास का 50 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। रोड़ी बेलवाला क्षेत्र में भी 45 प्रतिशत कार्य पूरा कर लिया गया है। मां मनसा देवी और मां चंडी देवी मंदिरों के पहुंच मार्गों का क्रमशः 55 और 50 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। इन प्रमुख कार्यों को दिसंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

वहीं, ऋषिकेश गंगा कॉरिडोर के तहत 3,456 करोड़ रुपये की परियोजनाएं प्रस्तावित हैं, जिनमें 274 करोड़ रुपये के कार्य गतिमान हैं। त्रिवेणी घाट का 115.07 करोड़ रुपये की लागत से विकास, 35.78 करोड़ रुपये से आस्था पथ का सौंदर्यीकरण और 32.28 करोड़ रुपये से चंद्रभागा पैदल पुल का निर्माण किया जा रहा है। जानकी झूला के समीप एकीकृत कमांड एवं कंट्रोल सेंटर का 39 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। इसे जून 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य है। शिवपुरी और नीम बीच में राफ्टिंग एवं पर्यटक सुविधाओं का भी विस्तार किया जा रहा है।

शारदा रिवरफ्रंट कॉरिडोर के तहत 1,526 करोड़ रुपये की परियोजनाएं प्रस्तावित हैं। इनमें 340.49 करोड़ रुपये की परियोजनाएं क्रियान्वयन के चरण में हैं। शारदा घाट के पुनर्विकास का 30 प्रतिशत और शहरी जल निकासी योजना के प्रथम चरण का 13 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। आपदा जोखिम कम करने के उद्देश्य से विकसित किए जा रहे पारिस्थितिक कॉरिडोर का 75 प्रतिशत काम पूरा हो गया है। टनकपुर बस टर्मिनल का निर्माण भी अंतिम चरण में है।

बैठक में सामने आया कि तीनों कॉरिडोर के अंतर्गत कुल 8,279 करोड़ रुपये की परियोजनाएं प्रस्तावित हैं। इनमें लगभग 1,109 करोड़ रुपये की परियोजनाओं पर काम चल रहा है। इन परियोजनाओं के माध्यम से 21 से 27 हजार लोगों को प्रत्यक्ष और 45 से 53 हजार लोगों को अप्रत्यक्ष रोजगार मिलने का अनुमान है।

इसके अलावा श्रीनगर-बेलकेदार क्षेत्र में करीब 72 हेक्टेयर भूमि पर आध्यात्मिक आर्थिक क्षेत्र विकसित करने की योजना की भी समीक्षा की गई। बैठक में साहसिक पर्यटन के सुरक्षित विकास, पर्यटन सुविधाओं के विस्तार, निजी निवेश को प्रोत्साहन और परियोजनाओं की प्रभावी निगरानी पर भी चर्चा हुई।

बैठक में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज और प्रदीप बत्रा, अवस्थापना अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष विश्वास डाबर, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन सहित शासन के वरिष्ठ अधिकारी एवं संबंधित कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *