Uncategorized

दिनेश आर्य ने राज्यसभा के लिए दाखिल किया नामांकन,सीएम धामी समेत भाजपा के दिग्गज रहे मौजूद


देहरादून। उत्तराखंड की एक राज्यसभा सीट के लिए चल रही नामांकन प्रक्रिया के अंतिम दिन मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी दिनेश आर्य ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। दिनेश आर्य के नामांकन के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट समेत पार्टी के सांसद, विधायक और अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

नामांकन को लेकर भाजपा ने शक्ति प्रदर्शन भी किया। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में दिनेश आर्य ने निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपना नामांकन पत्र निर्वाचन अधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किया। नामांकन के अंतिम दिन तक राज्यसभा चुनाव के लिए कुल तीन नामांकन पत्रों की बिक्री हुई, लेकिन इनमें से केवल भाजपा प्रत्याशी दिनेश आर्य ने ही नामांकन दाखिल किया।

सामान्य कार्यकर्ता को मिला राज्यसभा का अवसर : धामी

नामांकन के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने एक सामान्य कार्यकर्ता को राज्यसभा के लिए उम्मीदवार बनाया है। उन्होंने कहा कि भाजपा में कार्यकर्ता की मेहनत और उसकी संगठन के प्रति निष्ठा को महत्व दिया जाता है। पार्टी में कोई भी कार्यकर्ता अपनी मेहनत और समर्पण के बल पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी तक पहुंच सकता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलने वाली पार्टी है। राज्यसभा के लिए दिनेश आर्य के चयन में भी पार्टी की इसी सोच की झलक दिखाई देती है। उन्होंने कहा कि भाजपा में प्रत्याशी का चयन संगठनात्मक क्षमता, सामाजिक सरोकार और पार्टी के प्रति समर्पण को ध्यान में रखकर किया जाता है।

कांग्रेस पर जातिवादी राजनीति का आरोप

मुख्यमंत्री धामी ने कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस लंबे समय से जातिवादी राजनीति करती रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा की राजनीति समाज को बांटने की नहीं, बल्कि सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के आधार पर आगे बढ़ने की है। उन्होंने कहा कि भाजपा सभी वर्गों और क्षेत्रों को प्रतिनिधित्व देने की भावना के साथ काम करती है।

अंतिम दिन तक तीन नामांकन पत्र बिके

राज्यसभा चुनाव के निर्वाचन अधिकारी हेम पंत ने बताया कि नामांकन प्रक्रिया के अंतिम दिन तक कुल तीन नामांकन पत्रों की बिक्री हुई। हालांकि, निर्धारित समय सीमा तक केवल भाजपा प्रत्याशी दिनेश आर्य की ओर से ही नामांकन पत्र दाखिल किया गया। अब निर्वाचन प्रक्रिया के अगले चरण में नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी और इसके बाद आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

भाजपा के लिए अहम माना जा रहा चुनाव

उत्तराखंड की एक राज्यसभा सीट के लिए हो रहा यह चुनाव राजनीतिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। भाजपा प्रत्याशी के रूप में दिनेश आर्य के नामांकन के दौरान मुख्यमंत्री समेत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी ने संगठन की एकजुटता का संदेश दिया। वहीं, नामांकन प्रक्रिया में विपक्ष की ओर से किसी अन्य उम्मीदवार के सामने नहीं आने से चुनावी तस्वीर काफी हद तक स्पष्ट नजर आ रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *