विकास कार्यों में गुणवत्ता से समझौता नहीं,सड़कों को करें गड्ढामुक्त – Apnu Uttarakhand
देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों (डीएम) और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों (एसएसपी) के साथ लगभग चार घंटे लंबी मैराथन उच्चस्तरीय बैठक की। इस दौरान विकास कार्यों की प्रगति, कानून-व्यवस्था, आगामी त्योहारों की तैयारियों और जनसुविधाओं की व्यापक समीक्षा की गई।
मुख्यमंत्री ने दोटूक संदेश देते हुए कहा कि शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप सभी कार्य समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण होने चाहिए। उन्होंने घोषणा की कि वे स्वयं बहुत जल्द सड़क मार्ग से पूरे प्रदेश का दौरा करेंगे और यदि कहीं भी सड़कें टूटी मिलीं या मरम्मत में लापरवाही पाई गई, तो संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी।
प्रमुख निर्देश:
- सड़कें हों गड्ढामुक्त: सीवर और पेयजल पाइपलाइन के लिए खोदी गई सड़कों के अधूरे कार्यों को एक नवंबर तक हर हाल में पूरा कर उनकी तत्काल मरम्मत करने के निर्देश दिए गए हैं।
- कुंभ-2027 की तैयारियां: हरिद्वार कुंभ-2027 से जुड़ी परियोजनाओं की साप्ताहिक समीक्षा होगी और अधिकारी धरातल पर जाकर कार्यों का निरीक्षण करेंगे।
- कानून-व्यवस्था और त्यौहार: पुलिस को संवेदनशील और जवाबदेह बनने के निर्देश दिए गए हैं। थाना प्रभारियों से कहा गया है कि वे जनता की शिकायतें गंभीरता से सुनें और संज्ञेय अपराधों में तत्काल एफआईआर दर्ज करें। त्योहारों के मद्देनजर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था चाक-चौबंद रखने को कहा गया है।
- ऑपरेशन कालनेमि और सत्यापन अभियान: संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाने के लिए सत्यापन अभियानों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं।
- स्वास्थ्य और वन्यजीव सुरक्षा: दुर्गम क्षेत्रों में डॉक्टरों और एएनएम की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा भालू-तेंदुए के हमलों को रोकने के लिए ठोस कार्ययोजना बनाने पर जोर दिया गया है।
बैठक के अंत में मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि जनहित के कार्यों में कोताही बरतने वाले अधिकारियों को बख्शा नहीं जाएगा, जबकि बेहतरीन कार्य करने वालों को प्रोत्साहित किया जाएगा।
