Uncategorized

जौलजीबी मेले का भव्य शुभारंभ,पिथौरागढ़ को 102.72 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात


पिथौरागढ़। सीमांत जनपद पिथौरागढ़ में काली और गोरी नदियों के संगम पर आयोजित ऐतिहासिक जौलजीबी मेले का शनिवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दीप प्रज्ज्वलित कर भव्य शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने जनपद को 102.72 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं की सौगात देते हुए 24 योजनाओं का शिलान्यास और एक योजना का लोकार्पण किया। साथ ही मेले के आयोजन के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा भी की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जौलजीबी मेला भारत और नेपाल की साझा सांस्कृतिक विरासत, आपसी सौहार्द और सदियों पुराने व्यापारिक संबंधों का जीवंत प्रतीक है। यह मेला दोनों देशों के नागरिकों को सामाजिक और सांस्कृतिक रूप से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम रहा है। भारत, नेपाल और तिब्बत के बीच ऐतिहासिक व्यापारिक एवं सांस्कृतिक संबंधों में भी इस मेले का विशेष स्थान रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जौलजीबी मेले से उनका बचपन से ही विशेष लगाव रहा है। यहां की संस्कृति, परंपराओं और स्थानीय रीति-रिवाजों से उनका गहरा जुड़ाव है। ऐसे आयोजन न केवल हमारी सांस्कृतिक पहचान को जीवंत रखते हैं, बल्कि नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का भी काम करते हैं। उन्होंने कहा कि मेलों के माध्यम से स्थानीय कलाकारों, पारंपरिक व्यवसायों और स्थानीय उत्पादों को भी प्रोत्साहन मिलता है।

धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड सरकार प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री ने 21वीं सदी के तीसरे दशक को उत्तराखंड का दशक बताया है। इस संकल्प को साकार करने के लिए विकास योजनाओं को धरातल पर उतारने के साथ प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने सीमांत क्षेत्रों के विकास को सरकार की प्राथमिकता बताते हुए कहा कि सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यटन सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है। सीमांत क्षेत्रों में प्राकृतिक सौंदर्य, साहसिक पर्यटन और लोकसंस्कृति के जरिए युवाओं के लिए स्वरोजगार की अपार संभावनाएं हैं। सरकार का प्रयास है कि दूरस्थ क्षेत्रों में बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार और आजीविका के अवसर भी विकसित किए जाएं।

सर्किट हाउस से बाढ़ सुरक्षा तक बड़ी योजनाएं

मुख्यमंत्री ने जिन प्रमुख योजनाओं का शिलान्यास किया, उनमें 23.26 करोड़ रुपये की लागत से पिथौरागढ़ में नवीन राज्य अतिथि गृह (सर्किट हाउस) का निर्माण, 13.38 करोड़ रुपये की घाट पंपिंग पेयजल योजना, 36.10 करोड़ रुपये की खोतिला एवं घाटधार क्षेत्र की बाढ़ सुरक्षा योजना और 8.80 करोड़ रुपये की लागत से रामगंगा नदी पर मोटर सेतु का निर्माण शामिल है। इसके अलावा सड़क, पेयजल, शिक्षा, पर्यटन और सिंचाई से जुड़ी योजनाओं को भी आगे बढ़ाया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कनालीछीना विकासखंड में संपर्क मार्ग एवं हिमालय दर्शन शेड से संबंधित कार्यों का लोकार्पण भी किया। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं से सीमांत और ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाएं मजबूत होंगी तथा स्थानीय लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों की ओर से लगाई गई विकास प्रदर्शनियों और स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने विभागीय योजनाओं की जानकारी लेने के साथ स्थानीय उत्पादों का भी अवलोकन किया। मेले में भारत और नेपाल के व्यापारियों की भागीदारी के साथ पारंपरिक सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आकर्षण का केंद्र रहे।

कार्यक्रम को केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र प्रसाद, डीडीहाट विधायक बिशन सिंह चुफाल, धारचूला विधायक हरीश धामी, पिथौरागढ़ नगर निगम की महापौर कल्पना देवलाल, भानुप्रताप सिंह पाल, जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई, पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रहलाद कोंडे सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, संस्कृतिकर्मी और भारत-नेपाल के नागरिक बड़ी संख्या में मौजूद रहे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *