Uncategorized

पांच साल में फैसलों की लंबी फेहरिस्त,विकास के आंकड़ों के साथ CM धामी ने पेश किया सरकार का रिपोर्ट कार्ड


देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने पांच साल के कार्यकाल में उत्तराखंड में हुए बदलावों और सरकार की उपलब्धियों का लेखा-जोखा पेश किया है। कानून व्यवस्था से लेकर रोजगार, महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, कृषि, गरीब कल्याण और आर्थिक विकास तक सरकार ने अपनी प्राथमिकताओं को आंकड़ों के साथ सामने रखा है। सरकार का दावा है कि इन पांच वर्षों में प्रदेश में न केवल कई बड़े नीतिगत फैसले लिए गए, बल्कि विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने का भी प्रयास किया गया है। समान नागरिक संहिता, सख्त नकल विरोधी कानून और भू-कानून जैसे फैसलों के साथ रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर विकसित करना सरकार की प्रमुख उपलब्धियों में शामिल है।

**कानून के मोर्चे पर देश में बनाई अलग पहचान**

धामी सरकार के कार्यकाल में उत्तराखंड ने समान नागरिक संहिता लागू कर देश में नई पहचान बनाई। 27 जनवरी 2025 को उत्तराखंड स्वतंत्र भारत का पहला ऐसा राज्य बना, जहां यूसीसी लागू की गई। इसके तहत विवाह, तलाक, उत्तराधिकार और लिव-इन रिलेशनशिप जैसे विषयों के लिए समान कानूनी व्यवस्था की गई। भर्ती परीक्षाओं में नकल और पेपर लीक पर अंकुश लगाने के लिए वर्ष 2023 में सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया, जिसमें संगठित अपराध के मामलों में आजीवन कारावास और 10 करोड़ रुपये तक जुर्माने का प्रावधान है। धर्मांतरण विरोधी कानून को भी सख्त किया गया। सार्वजनिक और निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों से वसूली के लिए वर्ष 2024 में कानून बनाया गया। वहीं, सख्त भू-कानून के जरिए 11 पर्वतीय जिलों में बाहरी राज्यों के लोगों के कृषि एवं उद्यान भूमि खरीदने पर प्रतिबंध लगाया गया। सरकार के अनुसार, 13 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया है।

**36 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी, विदेशों में भी रोजगार**

युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के मोर्चे पर सरकार ने पांच वर्षों में 36 हजार से अधिक सरकारी नौकरियां देने का दावा किया है। भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता के लिए नकल विरोधी कानून लागू करने के साथ कौशल विकास और स्वरोजगार को भी बढ़ावा दिया गया। मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन एवं वैश्विक रोजगार योजना के तहत जर्मन और जापानी भाषा प्रशिक्षण के 158 केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। अक्टूबर 2026 तक 106 युवाओं को विदेश में रोजगार मिला है। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले 11 हजार छात्र-छात्राओं को निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग से जोड़ने के लिए मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना शुरू की गई है। उपनल कर्मचारियों को समान कार्य के लिए समान वेतन देने की पहल भी की गई है।

**शिक्षा में तकनीक, विज्ञान और नवाचार पर जोर**

शिक्षा के क्षेत्र में पीएम श्री योजना के तहत 225 विद्यालयों का चयन किया गया है। प्रदेश के 500 राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में वर्चुअल कक्षाएं संचालित हो रही हैं। विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाओं से 21,743 विद्यार्थियों को लाभ मिला है। देहरादून में देश की पांचवीं साइंस सिटी का निर्माण किया जा रहा है। लैब ऑन व्हील कार्यक्रम के जरिए विद्यार्थियों को विज्ञान और प्रयोगात्मक शिक्षा से जोड़ने का प्रयास हो रहा है। उल्लास-नव भारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत उत्तराखंड देश का छठा पूर्ण साक्षर राज्य बना है। उच्च शिक्षा के क्षेत्र में दून विश्वविद्यालय में सेंटर फॉर हिंदू स्टडीज की स्थापना और नए केंद्रीय विद्यालयों को मंजूरी भी प्रमुख उपलब्धियों में शामिल है।

**3.10 लाख महिलाएं बनीं लखपति दीदी, आर्थिक स्वावलंबन को मिली रफ्तार**

महिला सशक्तिकरण को सरकार ने रोजगार और आर्थिक आत्मनिर्भरता से जोड़ने पर जोर दिया है। सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 30 प्रतिशत आरक्षण और सहकारी प्रबंध समितियों में 33 प्रतिशत आरक्षण दिया गया है। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से अब तक 3.10 लाख महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। उत्तराखंड राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत 5.19 लाख से अधिक महिलाओं को जोड़कर 70,767 स्वयं सहायता समूह गठित किए गए हैं। हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को बाजार मिला है। ब्रांड की बिक्री छह करोड़ रुपये के पार पहुंच चुकी है और करीब 5,500 महिलाएं इससे सीधे आर्थिक गतिविधियों में जुड़ी हैं। नंदा गौरा योजना के तहत चार लाख से अधिक बेटियों को लाभ मिला है। नमो ड्रोन दीदी और मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट योजना भी महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हैं।

**पेंशन, आवास और मुफ्त गैस से गरीब परिवारों को राहत**

गरीब और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को सामाजिक सुरक्षा देने के लिए पेंशन, आवास और खाद्य एवं ईंधन सहायता पर जोर दिया गया है। वृद्धावस्था, विधवा और दिव्यांग पेंशन योजनाओं के तहत करीब 9.99 लाख लाभार्थियों को प्रतिमाह लगभग 148 करोड़ रुपये डीबीटी के माध्यम से दिए जा रहे हैं। पात्र वृद्ध दंपतियों के दोनों सदस्यों को अलग-अलग 1,500 रुपये मासिक पेंशन देने की व्यवस्था की गई है। मुख्यमंत्री अंत्योदय निःशुल्क गैस रिफिल योजना के तहत करीब पौने दो लाख परिवारों को साल में तीन गैस सिलेंडर मुफ्त रिफिल कराने की सुविधा दी जा रही है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत शहरी क्षेत्र में 53 हजार से अधिक और ग्रामीण क्षेत्र में 39,815 परिवारों को आवास उपलब्ध कराए गए हैं। पीएम स्वनिधि योजना के तहत 33 हजार से अधिक रेहड़ी-पटरी कारोबारियों को बैंक ऋण उपलब्ध कराया गया है।

**खेती को परंपरा से आगे स्वरोजगार और कारोबार से जोड़ने की पहल**

पर्वतीय क्षेत्रों में खेती-किसानी को लाभकारी बनाने के लिए मिलेट्स, कीवी, ड्रैगन फ्रूट और सुगंधित पौधों की खेती को प्रोत्साहित किया जा रहा है। स्टेट मिलेट्स पॉलिसी के तहत 2030-31 तक 134.89 करोड़ रुपये की कार्ययोजना स्वीकृत की गई है। मंडुवा और झंगोरा के बीज एवं जैव उर्वरक पर 80 प्रतिशत अनुदान दिया जा रहा है। मंडुवा का समर्थन मूल्य बढ़ाकर 5,200 रुपये प्रति क्विंटल किया गया है। कीवी उत्पादन पर 70 प्रतिशत और ड्रैगन फ्रूट की खेती पर 80 प्रतिशत तक सब्सिडी का प्रावधान है। महक क्रांति नीति के तहत 23 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में सुगंधित फसलों की खेती और सात अरोमा वैली विकसित करने की योजना है।

कृषि भूमि को खेती के अनुकूल बनाने के लिए स्वैच्छिक एवं आंशिक चकबंदी प्रोत्साहन नीति-2026 को मंजूरी दी गई है। पांच वर्षों में 275 गांवों को चकबंदी से जोड़ने का लक्ष्य है। पशुपालन के माध्यम से 11,500 से अधिक लोगों को स्वरोजगार से जोड़ा गया है। प्रदेश में दुग्ध उत्पादन 50.92 लाख लीटर प्रतिदिन से बढ़कर 54.59 लाख लीटर प्रतिदिन हो गया है। मत्स्य पालन में 170 करोड़ रुपये की ट्राउट प्रोत्साहन योजना के तहत पहली बार पांच मीट्रिक टन रेनबो ट्राउट का निर्यात किया गया। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत आठ लाख से अधिक किसानों के खातों में तीन हजार करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि पहुंचाई गई है।

**डेढ़ गुने से अधिक बढ़ी अर्थव्यवस्था, स्टार्टअप की संख्या 1,750 पहुंची**

आर्थिक विकास के मोर्चे पर भी सरकार ने महत्वपूर्ण आंकड़े पेश किए हैं। वर्ष 2024-25 में उत्तराखंड की जीएसडीपी बढ़कर 3,81,889 करोड़ रुपये हो गई, जो वर्ष 2021-22 के मुकाबले डेढ़ गुने से अधिक है। इसी अवधि में प्रति व्यक्ति आय 1,94,670 रुपये से बढ़कर 2,73,921 रुपये पहुंच गई। राज्य की आर्थिक विकास दर 7.23 प्रतिशत दर्ज की गई। बहुआयामी गरीबी सूचकांक 9.7 प्रतिशत से घटकर 6.92 प्रतिशत रह गया है। श्रम बल भागीदारी दर भी 60.1 प्रतिशत से बढ़कर 64.4 प्रतिशत हो गई।

औद्योगिक क्षेत्र में एमएसएमई इकाइयों की संख्या 59,798 से बढ़कर 79,394 हो गई है। इन इकाइयों में रोजगार पाने वालों की संख्या 4.56 लाख से अधिक पहुंच गई है। प्रदेश में स्टार्टअप की संख्या भी 702 से बढ़कर 1,750 हो गई है। स्वास्थ्य क्षेत्र में शिशु मृत्यु दर घटकर 20 और मातृ मृत्यु दर 91 दर्ज की गई है।

**विकास के साथ जनजीवन में बदलाव का दावा**

पांच वर्षों के कार्यकाल का लेखा-जोखा पेश करते हुए सरकार ने कानून व्यवस्था, रोजगार, महिला सशक्तिकरण, किसानों की आय, सामाजिक सुरक्षा और आर्थिक विकास को अपनी प्रमुख उपलब्धियों के रूप में सामने रखा है। इन आंकड़ों के जरिए सरकार ने उत्तराखंड में विकास और बदलाव की तस्वीर पेश करने की कोशिश की है। हालांकि, इन योजनाओं की वास्तविक सफलता का आकलन इनके जमीनी क्रियान्वयन, रोजगार की निरंतरता, ग्रामीण अर्थव्यवस्था में सुधार और आम नागरिकों को मिलने वाले लाभ के आधार पर ही होगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *