झनकईया मेले को मिलेगी नई पहचान,शारदा कॉरिडोर के तहत बनेंगे दो स्नान घाट
खटीमा। भारत-नेपाल के सांस्कृतिक रिश्तों, धार्मिक आस्था और लोक परंपराओं के प्रतीक ऐतिहासिक झनकईया गंगा स्नान मेले को और भव्य स्वरूप देने की दिशा में राज्य सरकार ने कदम बढ़ाए हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर मेले का शुभारंभ करते हुए शारदा कॉरिडोर के तहत झनकईया और काला पुल के समीप नवनिर्मित पूर्णागिरि मंदिर क्षेत्र में दो स्नान घाटों के निर्माण की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने शारदा तट पर पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना भी की।
मेले के शुभारंभ के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि झनकईया मेला केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि भारत और नेपाल के सदियों पुराने सांस्कृतिक एवं सामाजिक संबंधों का प्रतीक है। दोनों देशों के बीच रोटी-बेटी का रिश्ता रहा है और यहां की लोक परंपराएं इस आपसी जुड़ाव को और मजबूत करती हैं। उन्होंने कहा कि मेले में उत्तराखंड के सीमांत क्षेत्रों के साथ उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु और व्यापारी पहुंचते हैं। थारू समाज सहित विभिन्न समुदायों की भागीदारी, लोकगीत, लोकनृत्य और पारंपरिक रीति-रिवाज इस आयोजन को विशिष्ट पहचान देते हैं।
धामी ने कहा कि पारंपरिक मेले हमारी सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। ऐसे आयोजन स्थानीय व्यापारियों, कारीगरों और उद्यमियों को भी अपने उत्पादों के प्रदर्शन एवं बिक्री का अवसर देते हैं। राज्य सरकार विकास के साथ प्रदेश की लोक संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण को भी प्राथमिकता दे रही है। इसी क्रम में खटीमा में आदि गौरव महोत्सव और देहरादून में जनजातीय गौरव दिवस जैसे आयोजन किए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने सीमांत और जनजातीय क्षेत्रों के विकास को सरकार की प्राथमिकता बताते हुए कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और आधारभूत सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। अटल आवास योजना में आय सीमा को व्यावहारिक बनाने और आवास निर्माण के लिए सहायता राशि बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। प्रधानमंत्री आवास योजना और पीएम-जनमन के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ हुई चर्चा के क्रम में उत्तराखंड के लिए 50 हजार अतिरिक्त आवास स्वीकृत किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि जनजातीय क्षेत्रों में शिक्षा के अवसर बढ़ाने के लिए आश्रम पद्धति विद्यालयों, एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों, केंद्रीय विद्यालयों, आईटीआई, पॉलिटेक्निक और छात्रावासों का विस्तार किया जा रहा है। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन और वन धन केंद्रों के माध्यम से जनजातीय महिलाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने समान नागरिक संहिता लागू करने जैसे ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं। सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने के अभियान में 13 हजार एकड़ से अधिक भूमि अतिक्रमणमुक्त कराई गई है। पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से युवाओं को सरकारी सेवाओं में अवसर दिए जा रहे हैं।
मेले में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या और सुविधाओं को देखते हुए मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन, सिंचाई विभाग, नगर पालिका और जिला पंचायत को आपसी समन्वय से स्नान घाटों, सुरक्षा, स्वच्छता और अन्य व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शारदा कॉरिडोर के तहत क्षेत्र के प्रमुख धार्मिक स्थलों का विकास कर श्रद्धालुओं के लिए सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने स्थानीय दुकानदारों से जलेबी और सिंघाड़े खरीदकर ‘वोकल फॉर लोकल’ का संदेश भी दिया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, ब्लॉक प्रमुख सरिता राणा, मेला समिति अध्यक्ष शेर सिंह दानू, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
