Uncategorized

उत्तराखंड में नितिन नवीन का शक्ति प्रदर्शन,सैनिकों को सलाम से युवाओं के संवाद और पंजाबी गौरव सम्मेलन तक गूंजा राष्ट्र निर्माण का संदेश


हल्द्वानी।  भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने गुरुवार को उत्तराखंड के अपने दौरे के दौरान हल्द्वानी और रुद्रपुर में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने पूर्व सैनिकों, युवाओं और पंजाबी-सिख समाज से संवाद करते हुए राष्ट्र निर्माण, विकास, रोजगार, सैन्य सम्मान और सामाजिक एकजुटता जैसे मुद्दों पर अपनी बात रखी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता इस दौरान मौजूद रहे।

सैनिक कभी रिटायर नहीं होता : नितिन नवीन

हल्द्वानी में आयोजित पूर्व सैनिक सम्मेलन को संबोधित करते हुए भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सैनिकों को देश की सुख-शांति और स्वतंत्रता का आधार बताया। उन्होंने कहा कि सैनिक सेवा से भले ही सेवानिवृत्त हो जाए, लेकिन उसका राष्ट्रप्रेम, जज्बा और देशसेवा की भावना कभी रिटायर नहीं होती।

नवीन ने कहा कि सीमा पर विषम परिस्थितियों में तैनात सैनिकों की वजह से देश के 140 करोड़ लोग सुरक्षित और शांतिपूर्ण जीवन जी रहे हैं। उन्होंने कुमाऊं रेजीमेंट के ध्येय वाक्य ‘पराक्रमो विजयते’ का उल्लेख करते हुए रेजांग ला के वीर सैनिकों के पराक्रम को नमन किया।

उन्होंने उत्तराखंड को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दी गई ‘पंचम धाम’ यानी वीर सैनिकों की भूमि की संज्ञा का भी उल्लेख किया। साथ ही जनरल बिपिन रावत सहित उत्तराखंड की सैन्य परंपरा और वीर सैनिकों को याद किया।

मोदी सरकार ने सैनिकों के सम्मान को नई ऊंचाई दी

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वन रैंक वन पेंशन लागू की गई और सीमांत क्षेत्रों के विकास को लेकर सोच में बदलाव आया। सीमांत गांवों को ‘अंतिम गांव’ के बजाय ‘प्रथम गांव’ मानकर विकास और सुरक्षा की दिशा में काम किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि आज लाल चौक पर तिरंगा शान से लहरा रहा है। रक्षा उत्पादन और निर्यात में भारत की बढ़ती क्षमता का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि देश रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की ओर तेजी से बढ़ रहा है।

नवीन ने युवाओं को सीमाओं की परिस्थितियों से रूबरू कराने के लिए शिक्षा व्यवस्था में ‘सरहद दर्शन’ जैसे कार्यक्रम शुरू किए जाने की आवश्यकता भी जताई।

युवाओं से करियर और रोजगार पर संवाद

हल्द्वानी में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में भी नितिन नवीन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने युवाओं से सीधा संवाद किया। इस दौरान करियर, रोजगार, स्वरोजगार, स्टार्टअप, कौशल विकास, तकनीक, खेल और उत्तराखंड के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई।

नितिन नवीन ने कहा कि डिजिटल इंडिया, स्टार्टअप इंडिया, स्किल इंडिया, मेक इन इंडिया और खेलो इंडिया जैसी पहलों ने युवाओं के लिए नए अवसर पैदा किए हैं। उन्होंने कहा कि आज युवा केवल रोजगार तलाशने वाला नहीं, बल्कि रोजगार पैदा करने वाला भी बन रहा है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उनकी सरकार ने ‘पहाड़ की जवानी और पहाड़ का पानी, दोनों उत्तराखंड के काम आएं’ के संकल्प के साथ काम किया है। उन्होंने बताया कि अब तक करीब 34 हजार युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्ति दी जा चुकी है। साथ ही स्वरोजगार, स्टार्टअप, कौशल विकास, होम स्टे और खेलों के क्षेत्र में युवाओं के लिए अवसर बढ़ाने की बात कही।

रुद्रपुर में पंजाबी गौरव सम्मेलन में पहुंचे नितिन नवीन

इसके बाद रुद्रपुर में आयोजित पंजाबी गौरव सम्मेलन में भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने गुरु नानक देव, गुरु गोविंद सिंह और चार साहिबजादों के त्याग और बलिदान को नमन किया। उन्होंने तराई क्षेत्र के विकास में पंजाबी और सिख समाज के योगदान को महत्वपूर्ण बताया।

नवीन ने 1984 के सिख नरसंहार का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एसआईटी का गठन कर दोषियों को सजा दिलाने की दिशा में कदम उठाया गया। उन्होंने करतारपुर साहिब कॉरिडोर, वीर बाल दिवस और नागरिकता संशोधन कानून का भी जिक्र किया।

उन्होंने कहा कि करतारपुर साहिब कॉरिडोर खुलने से श्रद्धालुओं के लिए ऐतिहासिक धार्मिक स्थल तक पहुंच आसान हुई है। वहीं हेमकुंड साहिब रोप-वे परियोजना का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इससे श्रद्धालुओं की यात्रा सुगम होगी।

नशामुक्ति अभियान से जुड़ने का आह्वान

नितिन नवीन ने युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति को बड़ी चुनौती बताते हुए समाज से नशामुक्ति अभियान में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ सामाजिक स्तर पर व्यापक अभियान चलाने की जरूरत है।

उन्होंने 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए पंजाब और उत्तराखंड के विकास को भी महत्वपूर्ण बताया। नवीन ने कहा कि दोनों राज्यों की युवा शक्ति, उद्यमिता और सामाजिक भागीदारी देश को नई दिशा देने में अहम भूमिका निभा सकती है।

बूथ अध्यक्ष के घर चाय पर चर्चा

कार्यक्रमों से पहले भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने हल्द्वानी के बेरीपड़ाव स्थित अष्टादश भुजा महालक्ष्मी मंदिर में पूजा-अर्चना की और शहीद स्मारक पर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद उन्होंने हल्दूचौड़ बूथ अध्यक्ष राकेश चंद्र आर्य के आवास पर पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ चाय पर चर्चा की।

इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनिल बलूनी, सांसद अजय भट्ट, कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा, प्रदीप बत्रा, भाजपा प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, दीप्ति रावत, तरुण बंसल समेत कई नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे। पंजाबी गौरव सम्मेलन का संचालन भाजपा प्रदेश प्रवक्ता गुरविंदर सिंह चंडोक ने किया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *