CM धामी से मिले अक्षय कुमार,उत्तराखंड फ़िल्म नीति पर भी हुई चर्चा
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से रविवार को मुख्यमंत्री आवास में प्रसिद्ध बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उत्तराखंड की फिल्म नीति, प्रदेश में फिल्म निर्माण की संभावनाओं और फिल्म उद्योग को प्रोत्साहित करने के विषय में चर्चा हुई। अक्षय कुमार इन दिनों मसूरी और लंढौर क्षेत्र में अपनी आगामी फिल्म की शूटिंग कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड अपनी प्राकृतिक सुंदरता, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और विविध भौगोलिक परिस्थितियों के कारण फिल्म निर्माताओं के लिए आकर्षण का केंद्र बन रहा है। प्रदेश में बड़े फिल्म प्रोजेक्ट्स की शूटिंग होने से फिल्म शूटिंग डेस्टिनेशन के रूप में उत्तराखंड की पहचान लगातार मजबूत हो रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की ओर से लागू उत्तराखंड फिल्म नीति-2024 के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। फिल्म निर्माताओं को सिंगल विंडो सिस्टम के माध्यम से शूटिंग की अनुमति सहित विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसके साथ ही प्रदेश में फिल्म निर्माण को प्रोत्साहित करने के लिए अनुदान की व्यवस्था भी की गई है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य उत्तराखंड में अधिक से अधिक फिल्मों की शूटिंग को प्रोत्साहित करना है, ताकि स्थानीय कलाकारों, तकनीशियनों और युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर सृजित हो सकें। प्रदेश में फिल्म निर्माण की गतिविधियां बढ़ने से पर्यटन, होटल व्यवसाय, परिवहन और अन्य स्थानीय कारोबार को भी लाभ मिल रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड को फिल्म निर्माण के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है और फिल्म निर्माताओं को हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।
