Uncategorized

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने श्रीनगर में बैकुंठ चतुर्दशी मेले एवं विकास प्रदर्शनी का किया शुभारंभ


श्रीनगर (पौड़ी)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने श्रीनगर से देहरादून के बीच जल्द हेलीकॉप्टर सेवा शुरू करने की घोषणा की है। इसके साथ ही श्रीनगर में उत्तराखंड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (यूकॉस्ट) के माध्यम से साइंस सिटी विकसित की जाएगी। मुख्यमंत्री ने श्रीनगर नगर निगम के नए कार्यालय भवन के निर्माण को भी स्वीकृति देने की बात कही। सोमवार को मुख्यमंत्री ने श्रीनगर में बैकुंठ चतुर्दशी मेले एवं विकास प्रदर्शनी का शुभारंभ करते हुए क्षेत्र के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।

कार्यक्रम में पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने पारंपरिक ढोल-दमाऊं, पुष्पवर्षा और जयकारों के साथ मुख्यमंत्री का स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने विकास प्रदर्शनी में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन एवं ग्रामोत्थान परियोजना के तहत लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने महिला स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों और गतिविधियों की जानकारी ली। इस दौरान मुख्यमंत्री ने पारंपरिक सिलबट्टे पर पहाड़ी नमक भी पीसा। इसके बाद उन्होंने कमलेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि अलकनंदा नदी के तट पर बसा श्रीनगर धार्मिक, सांस्कृतिक और शैक्षणिक दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थान रखता है। कमलेश्वर महादेव मंदिर हमारी पौराणिक आस्था और धार्मिक परंपराओं का प्रमुख केंद्र है। बैकुंठ चतुर्दशी मेला केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि लोकसंस्कृति, परंपराओं और सामाजिक एकता का प्रतीक भी है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार विकास के साथ सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण पर भी काम कर रही है। केदारखंड और मानसखंड मंदिर माला मिशन के माध्यम से धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों का विकास किया जा रहा है। स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने और महिला स्वयं सहायता समूहों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं।

**श्रीनगर में साइंस सिटी, पांच स्थानों पर बनेंगे आधुनिक घाट**

मुख्यमंत्री ने श्रीनगर में साइंस सिटी विकसित करने और नगर निगम के नए कार्यालय भवन के निर्माण को मंजूरी देने की घोषणा की। इसके साथ ही विष्णुप्रयाग, नंदप्रयाग, कर्णप्रयाग, रुद्रप्रयाग और देवप्रयाग में आधुनिक घाटों के निर्माण एवं सौंदर्यीकरण की घोषणा की। धारी देवी मंदिर के समीप भी श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आधुनिक घाट विकसित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने बैकुंठ चतुर्दशी मेले के आयोजन के लिए सरकारी सहयोग देने का भी ऐलान किया।

**श्रीनगर में 650 करोड़ से बन रहा एनआईटी**

मुख्यमंत्री ने क्षेत्र में संचालित विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि श्रीनगर में करीब 200 करोड़ रुपये की सीवर लाइन परियोजना को आगे बढ़ाया जा रहा है। लगभग 650 करोड़ रुपये की लागत से राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) का निर्माण कार्य प्रगति पर है। क्षेत्र में पैरामेडिकल कॉलेज और नर्सिंग कॉलेज की स्थापना के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि मंडी-चौरास-जाखणी पंपिंग पेयजल योजना पर करीब 37 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं। राजकीय आदर्श इंटर कॉलेज श्रीनगर में आवासीय बालक छात्रावास का निर्माण किया जा रहा है। शहर में आधुनिक बस स्टैंड और पार्किंग सुविधाओं का विकास किया जा रहा है, जबकि कोटद्वार-पौड़ी-श्रीनगर सड़क के दो लेन चौड़ीकरण की प्रक्रिया भी आगे बढ़ रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना का निर्माण तेजी से चल रहा है। इससे क्षेत्र में आवागमन सुगम होने के साथ पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। बेस अस्पताल श्रीनगर में करीब 25 करोड़ रुपये की लागत से क्रिटिकल केयर ब्लॉक का निर्माण किया गया है। नगर निगम क्षेत्र में लगभग नौ करोड़ रुपये की विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास भी किया गया है। इनमें ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, वर्षा जल संचयन, सड़क, नाली निर्माण और पार्कों के सौंदर्यीकरण से जुड़े कार्य शामिल हैं।

**एक दिसंबर से बढ़ेगा आंगनबाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं का मानदेय**

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार मातृशक्ति के कल्याण और सशक्तीकरण के लिए लगातार फैसले ले रही है। आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों, सहायिकाओं और आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में एक दिसंबर 2026 से वृद्धि करने का निर्णय लिया गया है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में नकल विरोधी कानून लागू कर भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाया गया है। पिछले पांच वर्षों में राज्य के 36 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है। सरकार भ्रष्टाचार और नकल माफिया के विरुद्ध सख्त कार्रवाई कर रही है। सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने के लिए भी अभियान चलाया जा रहा है।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में श्रीनगर क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि श्रीनगर में करीब 70 करोड़ रुपये की लागत से 24 घंटे पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जा रहा है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कमलेश्वर महादेव से संबंधित विशेष डाक आवरण और शाइनी कृष्ण उनियाल की पुस्तक ‘मां राजराजेश्वरी चालीसा’ का विमोचन भी किया।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष पौड़ी रचना बुटोला, जिला पंचायत अध्यक्ष रुद्रप्रयाग पूनम कठैत, विधायक देवप्रयाग विनोद कंडारी, विधायक पौड़ी राजकुमार पोरी, महापौर श्रीनगर आरती भंडारी, जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *