Uncategorized

लखनऊ में धामी ने प्रवासी उत्तराखण्डियों को दिया संस्कृति और जड़ों से जुड़े रहने का संदेश


लखनऊ। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने लखनऊ में आयोजित उत्तराखण्ड महोत्सव-2026 में शिरकत कर प्रवासी उत्तराखण्डियों से अपनी संस्कृति, लोकभाषा, परंपराओं और मातृभूमि से जुड़े रहने का आह्वान किया। पंडित गोविंद बल्लभ पंत सांस्कृतिक उपवन में उत्तराखण्ड महापरिषद की ओर से आयोजित महोत्सव में मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड की पहचान उसकी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और लोक परंपराओं में निहित है। भौगोलिक रूप से लोग कहीं भी रहें, लेकिन अपनी जड़ों और सांस्कृतिक पहचान को हमेशा जीवित रखना चाहिए।

धामी ने कहा कि प्रवासी उत्तराखण्डी प्रदेश की अमूल्य धरोहर हैं। उनकी प्रतिभा, अनुभव और सामर्थ्य का लाभ राज्य के विकास में लिया जाना चाहिए। इसी उद्देश्य से पिछले तीन वर्षों से प्रवासी उत्तराखण्डी सम्मेलन आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने प्रवासियों से अपने गांवों, स्थानीय उत्पादों, पर्यटन स्थलों और सामाजिक गतिविधियों के विकास में भागीदारी करने की अपील की।

मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश और उत्तराखण्ड के रिश्तों को सहोदर भाइयों जैसा बताते हुए कहा कि दोनों राज्यों के बीच गहरा सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और भावनात्मक संबंध है। एक राज्य की प्रगति दूसरे राज्य के विकास से भी जुड़ी है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में हो रहे विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि एक्सप्रेसवे, औद्योगिक विकास, निवेश और बेहतर कनेक्टिविटी से प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई गति मिल रही है।

उन्होंने गंगा एक्सप्रेसवे को हरिद्वार तक जोड़ने की पैरवी करते हुए कहा कि इससे उत्तर प्रदेश और उत्तराखण्ड के बीच आवागमन, व्यापार और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश में पर्यटन क्षेत्र में करीब 38 हजार करोड़ रुपये के निवेश का भी उल्लेख किया।

धामी ने उत्तराखण्ड में चल रही विकास परियोजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि केदारनाथ पुनर्निर्माण, बदरीनाथ मास्टर प्लान और दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर राज्य के विकास को नई दिशा दे रहे हैं। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना और रोपवे योजनाओं से पर्वतीय क्षेत्रों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी।

उन्होंने कहा कि इस वर्ष चारधाम यात्रा में 65 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए, जबकि हेमकुंड साहिब में करीब 3.90 लाख श्रद्धालु पहुंचे। सरकार चारधाम यात्रा के साथ शीतकालीन यात्रा को भी बढ़ावा दे रही है, ताकि सालभर पर्यटन गतिविधियां संचालित हों और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर बढ़ें। बाबा नीम करौली महाराज से जुड़े धार्मिक स्थलों को जोड़कर आध्यात्मिक पर्यटन सर्किट विकसित करने की दिशा में भी काम किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार विकास के साथ प्रदेश के हितों और सांस्कृतिक पहचान की रक्षा के लिए भी प्रतिबद्ध है। उत्तराखण्ड में समान नागरिक संहिता, सख्त भू-कानून और नकल विरोधी कानून लागू कर युवाओं, स्थानीय नागरिकों और प्रदेश के हितों की रक्षा के लिए कदम उठाए गए हैं। उन्होंने कहा कि पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से युवाओं को योग्यता के आधार पर सरकारी सेवाओं में अवसर मिल रहे हैं। महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए सरकारी नौकरियों में 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण और विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं।

धामी ने कहा कि राज्य सरकार भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। सरकार का लक्ष्य कानून का राज स्थापित करने के साथ युवाओं का भविष्य सुरक्षित करना और प्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखण्ड वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, उत्तर प्रदेश के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह सहित जनप्रतिनिधि, गणमान्य अतिथि और बड़ी संख्या में प्रवासी उत्तराखण्डी मौजूद रहे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *