Uncategorized

गंगा की जैव विविधता बचाने को धामी ने छोड़े 10 हजार मत्स्य बीज


हरिद्वार। मां गंगा की निर्मलता और अविरलता के साथ उसकी प्राकृतिक जैव विविधता को संरक्षित करने की दिशा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को एक अहम पहल की। विश्व मात्स्यिकी दिवस के अवसर पर हरिद्वार के अमरापुर घाट पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने गंगा नदी में 10 हजार मत्स्य बीजों का संचयन किया। इस पहल के जरिए गंगा की प्राकृतिक मत्स्य संपदा को बढ़ावा देने और जलीय पारिस्थितिकी के संतुलन को बनाए रखने का संदेश दिया गया।

मत्स्य विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि मां गंगा केवल आस्था और आध्यात्मिक विरासत का प्रतीक नहीं हैं, बल्कि समृद्ध जैव विविधता और प्राकृतिक संसाधनों का भी महत्वपूर्ण आधार हैं। गंगा की निर्मलता, अविरलता और प्राकृतिक स्वरूप को बनाए रखना प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि नदियों में मौजूद जलीय जीवों और प्राकृतिक मत्स्य संपदा का संरक्षण पर्यावरण संतुलन के लिए बेहद जरूरी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नदियों में उपयुक्त प्रजातियों के मत्स्य बीजों का संचयन प्राकृतिक मत्स्य संसाधनों के संवर्धन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे जलीय जैव विविधता के संरक्षण के साथ मत्स्य संसाधनों के सतत विकास को भी प्रोत्साहन मिलेगा।

उन्होंने पर्यावरण संरक्षण में जनभागीदारी को जरूरी बताते हुए आमजन से गंगा सहित प्रदेश की सभी नदियों को स्वच्छ रखने, जल प्रदूषण रोकने और जलीय जीवों के प्राकृतिक आवासों को सुरक्षित रखने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि नदियां और प्राकृतिक संसाधन आने वाली पीढ़ियों की अमूल्य धरोहर हैं। इनके संरक्षण के साथ विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन बनाए रखना सरकार की प्राथमिकता है।

कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, उप जिलाधिकारी योगेश मेहरा, सहायक निदेशक मत्स्य गरिमा मिश्रा, पुलिस क्षेत्राधिकारी नगर शिशुपाल सिंह नेगी सहित मत्स्य विभाग के अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

गंगा में 10 हजार मत्स्य बीजों का संचयन कर मुख्यमंत्री ने जल संरक्षण और जलीय जैव विविधता को बचाने का संदेश दिया। इस पहल के जरिए सरकार ने यह भी स्पष्ट किया कि नदियों का संरक्षण केवल स्वच्छता तक सीमित नहीं, बल्कि उनके संपूर्ण पारिस्थितिक तंत्र को सुरक्षित रखना भी उतना ही महत्वपूर्ण है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *