Uncategorized

धामी ने सपरिवार की जनगणना-2027 की स्व-गणना,प्रदेशवासियों से की भागीदारी की अपील


देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री आवास में सपरिवार जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के तहत डिजिटल स्व-गणना की। मुख्यमंत्री ने ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपने परिवार का विवरण दर्ज कर इस राष्ट्रीय अभियान में सहभागिता की। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों से भी स्व-गणना प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनगणना के आंकड़े किसी भी राज्य की विकास योजनाओं का आधार होते हैं। उत्तराखंड जैसे विषम भौगोलिक परिस्थितियों वाले प्रदेश में इन आंकड़ों का विशेष महत्व है। पर्वतीय और दूरस्थ क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल सहित बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए सटीक जनसंख्या संबंधी जानकारी बेहद उपयोगी साबित होगी। इससे क्षेत्रवार जरूरतों के अनुसार विकास की प्राथमिकताएं तय करने और सरकारी संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल करने में मदद मिलेगी।

धामी ने कहा कि जनगणना-2027 में डिजिटल तकनीक का उपयोग एक महत्वपूर्ण पहल है। स्व-गणना की सुविधा के माध्यम से नागरिक अपने परिवार की जानकारी स्वयं ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं। इससे प्रक्रिया अधिक सरल और सुविधाजनक बनेगी। उन्होंने कहा कि जनगणना में प्रत्येक परिवार की सहभागिता जरूरी है, क्योंकि सटीक आंकड़े ही भविष्य की प्रभावी योजनाओं का आधार बनेंगे।

मुख्यमंत्री ने लोगों से निर्धारित समयसीमा में स्व-गणना पूरी करने के साथ ही घर-घर पहुंचने वाले प्रगणकों को भी आवश्यक सहयोग देने की अपील की।

**16 नवंबर से शुरू हुई डिजिटल स्व-गणना**

जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के तहत उत्तराखंड के गैर-हिमाच्छादित क्षेत्रों में 16 से 30 नवंबर 2026 तक आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in पर स्व-गणना की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इसके बाद 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर जनसंख्या गणना करेंगे।

इस अवसर पर सचिव जनगणना दीपक कुमार, निदेशक जनगणना कार्य निदेशालय इवा आशीष श्रीवास्तव, संयुक्त निदेशक शैलेन्द्र सिंह नेगी, उप निदेशक प्रवीण कुमार, राजू कुमार बनवारी और सहायक निदेशक संजीव कुमार उपस्थित रहे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *