कौशल और प्रतिभा के दम पर वैश्विक पहचान बना रहे उत्तराखंड के युवा : धामी – Apnu Uttarakhand
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड के युवा अपनी मेहनत, कौशल और प्रतिभा के दम पर राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्हें यदि उचित प्रशिक्षण और अवसर मिलें तो वे दुनिया के किसी भी मंच पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा सकते हैं। राज्य सरकार युवाओं को रोजगार पाने वाला ही नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बनाने के लिए भी लगातार काम कर रही है।
मुख्यमंत्री सोमवार को देहरादून स्थित आईआरडीटी सभागार में कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग की ओर से आयोजित युवा कौशल महोत्सव-2026 को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने इंडिया स्किल प्रतियोगिता 2025-26 के अंतरराष्ट्रीय एवं राष्ट्रीय स्तर के विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया। साथ ही सहसपुर स्थित स्किल हब सेंटर ऑफ एक्सीलेंस से प्रशिक्षण प्राप्त कर रोजगार हासिल करने वाले 35 युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे। अखिल भारतीय व्यावसायिक परीक्षा-2026 में प्रदेश के 32 राजकीय आईटीआई टॉपर्स को भी मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री ने वर्ल्ड स्किल्स प्रतियोगिता में उत्तराखंड का गौरव बढ़ाने वाली सानिया जोशी और पार्थ बोहरा की विशेष रूप से सराहना की। उन्होंने बताया कि सितंबर 2026 में चीन के शंघाई में आयोजित 48वीं वर्ल्ड स्किल्स प्रतियोगिता में भारत ने छह सिल्वर मेडल और 20 मेडलियन्स फॉर एक्सीलेंस हासिल किए। भारत का 10वां स्थान इस प्रतियोगिता में अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा। इसमें उत्तराखंड की सानिया जोशी ने रिटेल सेल्स और पार्थ बोहरा ने इंडस्ट्रियल डिजाइन टेक्नोलॉजी में सिल्वर मेडल जीतकर देश और प्रदेश का मान बढ़ाया।
धामी ने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश का कोई भी युवा संसाधनों और अवसरों की कमी के कारण अपनी प्रतिभा को आगे बढ़ाने से वंचित न रहे। इसके लिए आईटीआई में प्रशिक्षण की गुणवत्ता सुधारने, संस्थानों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने और उद्योगों की जरूरत के अनुरूप कौशल प्रशिक्षण उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है। प्रदेश के 100 से अधिक युवा विदेशों में भी अपनी सेवाएं देकर उत्तराखंड का नाम रोशन कर रहे हैं।
**200 करोड़ का वेंचर फंड, युवाओं को मिलेगा प्रोत्साहन**
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रदेश में स्टार्टअप नीति लागू की गई है। नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए इन्क्यूबेशन सेंटर स्थापित किए जा रहे हैं और 200 करोड़ रुपये के वेंचर फंड की व्यवस्था की गई है। युवा प्रोत्साहन योजना और दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना के माध्यम से युवाओं को ऋण और सब्सिडी की सुविधा भी दी जा रही है। सरकार चाहती है कि युवा नौकरी तलाशने के बजाय नए रोजगार के अवसर पैदा करें।
**पांच साल में 35 हजार से अधिक युवाओं को मिली नौकरी**
भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में एक समय पेपर लीक और नकल जैसी घटनाओं से मेहनती युवाओं का भरोसा कमजोर हुआ था। सरकार ने युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ रोकने के लिए देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया। इसके बाद भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित हुई है और युवाओं को योग्यता के आधार पर सरकारी नौकरी मिल रही है।
उन्होंने बताया कि राज्य गठन के बाद से अब तक करीब 55 हजार युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्तियां मिली हैं। इनमें पिछले पांच वर्षों के दौरान 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं की समस्याओं और सुझावों को सरकार तक पहुंचाने के लिए युवा आयोग के गठन की दिशा में भी काम किया जा रहा है।
उन्होंने खेलों को युवाओं के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए कहा कि राज्य में खेल नीति लागू करने के साथ खेल अवस्थापना सुविधाओं, स्टेडियमों और प्रशिक्षण केंद्रों का विस्तार किया जा रहा है। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को प्रोत्साहन के साथ सरकारी सेवाओं में अवसर भी दिए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने के लक्ष्य में युवा शक्ति की अहम भूमिका होगी। उत्तराखंड के युवा भी अपने कौशल, नवाचार और सामर्थ्य से इस संकल्प को पूरा करने में अग्रणी योगदान देंगे।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा, खजान दास, सचिव सी. रविशंकर, विभागीय अधिकारी, कर्मचारी, प्रशिक्षक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
