Uncategorized

बैणी-भुली योजना से पांच लाख से अधिक महिलाओं को मिलेगा आर्थिक संबल,दिसंबर में आएगी पहली किस्त – CM


पीपलकोटी (चमोली)।  मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि मातृशक्ति का सम्मान, स्वावलंबन और सशक्तीकरण प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उत्तराखंड की महिलाएं अपनी मेहनत, संकल्प और सामर्थ्य से न केवल परिवार की जिम्मेदारियां निभा रही हैं, बल्कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था, कृषि, पशुपालन और सामाजिक विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। सरकार का प्रयास है कि महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाकर उन्हें आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाया जाए। मुख्यमंत्री मंगलवार को पीपलकोटी में आयोजित मातृशक्ति सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने बैणी-भुली योजना के तहत प्रदेश की पांच लाख से अधिक महिलाओं को आर्थिक संबल देने की जानकारी देते हुए बताया कि योजना की पहली किस्त दिसंबर माह में जारी की जाएगी।

मुख्यमंत्री के पीपलकोटी पहुंचने पर महिलाओं ने पारंपरिक वाद्ययंत्रों, कलश यात्रा और पुष्पवर्षा के साथ उनका भव्य स्वागत किया। रोड शो के दौरान बड़ी संख्या में मौजूद लोगों ने उनका अभिनंदन किया। जिलाधिकारी गौरव कुमार ने मुख्यमंत्री को श्री नंदा देवी राजजात की हस्तनिर्मित पेंटिंग भेंट की। सम्मेलन स्थल पर मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों और स्वयं सहायता समूहों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण भी किया। इस दौरान उन्होंने महिलाओं के साथ सिलबट्टे पर पहाड़ी नमक पीसा, जांदरा से अनाज पीसा और मथानी से दही मथकर पहाड़ की पारंपरिक जीवनशैली और लोकसंस्कृति से अपने जुड़ाव को प्रदर्शित किया।

सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की मातृशक्ति प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक व्यवस्था की मजबूत आधारशिला है। पहाड़ की महिलाएं विषम भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद परिवार के पालन-पोषण से लेकर खेती-बाड़ी, पशुपालन और पर्यावरण संरक्षण तक हर क्षेत्र में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि चमोली की धरती से शुरू हुए ऐतिहासिक चिपको आंदोलन में गौरा देवी और उनकी साथी महिलाओं ने जिस साहस और संकल्प का परिचय दिया, वह आज भी पूरी दुनिया के लिए पर्यावरण संरक्षण की मिसाल है। पहाड़ की महिलाओं ने हमेशा अपने संघर्ष और सामर्थ्य से समाज को नई दिशा देने का काम किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक आत्मनिर्भरता के लिए अनेक महत्वपूर्ण योजनाएं शुरू की हैं। उज्ज्वला योजना, जनधन योजना और प्रत्यक्ष लाभ अंतरण जैसी पहलों से महिलाओं के जीवन में व्यापक बदलाव आया है। इसी दिशा में प्रदेश सरकार भी महिलाओं को शिक्षा, रोजगार और स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए काम कर रही है। उन्होंने बताया कि राज्य की सरकारी सेवाओं में महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण और सहकारी समितियों में 33 प्रतिशत आरक्षण दिया गया है। वहीं, समान नागरिक संहिता लागू कर महिलाओं के समान अधिकारों को सुनिश्चित करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बेटियों को जन्म से लेकर उच्च शिक्षा और आत्मनिर्भर बनने तक हर स्तर पर सहयोग देना सरकार की जिम्मेदारी है। नंदा गौरा योजना के तहत बेटी के जन्म पर 11 हजार रुपये और 12वीं उत्तीर्ण करने पर 51 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। उन्होंने बताया कि पिछले चार वर्षों में चमोली जनपद के नौ विकासखंडों में 900 से अधिक अत्यंत गरीब परिवारों की महिलाओं को विभिन्न योजनाओं के माध्यम से तीन करोड़ रुपये से अधिक की सहायता उपलब्ध कराई गई है।

**पांच लाख से अधिक महिलाओं को मिलेगा योजना का लाभ**

मुख्यमंत्री ने बैणी-भुली योजना को महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताते हुए कहा कि इसके माध्यम से प्रदेश की पांच लाख से अधिक महिलाओं को आर्थिक संबल प्रदान किया जाएगा। योजना के तहत प्रोत्साहन राशि दो किस्तों में सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में हस्तांतरित की जाएगी। इसकी पहली किस्त दिसंबर माह में जारी होगी। उन्होंने कहा कि सरकार स्वयं सहायता समूहों, स्थानीय उत्पादों और स्वरोजगार गतिविधियों को प्रोत्साहित कर महिलाओं की आय बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के साथ उनके उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

**विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाएं सम्मानित**

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने सामाजिक, कृषि, स्वरोजगार, खेल और शिक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया। पर्यावरण संरक्षण, श्रमदान, अल्प बचत और नशामुक्ति कार्यक्रमों में योगदान के लिए महिला मंगल दल मैडठैली की अध्यक्ष उत्तरा देवी और महिला मंगल दल पाखी की अध्यक्ष मीना देवी को सम्मानित किया गया। मधुमक्खी पालन के क्षेत्र में भुवना देवी, खेती में रामेश्वरी देवी, बांस उत्पाद निर्माण में उषा देवी और प्राकृतिक खेती में लीला देवी को सम्मान प्रदान किया गया।

इसके अलावा कृषि क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए माहेश्वरी देवी, अनुसूया कुंवर और बिमला देवी को सम्मानित किया गया। खेल के क्षेत्र में उपलब्धि हासिल करने वाली निशा और स्वाति बड़वाल को भी सम्मान दिया गया। लखपति दीदी के रूप में निरजा, रामेश्वरी देवी और अनीता देवी को सम्मानित किया गया। हाईस्कूल परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं के साथ कवयित्री सुरभी देवी और मांगल गीत गायिका नन्दा सती को भी मुख्यमंत्री ने सम्मानित किया।

इस दौरान विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को सहायता राशि के चेक भी वितरित किए गए। इनमें पॉलीहाउस, कृषि, पशुपालन, अटल आवास और अनुसूचित जाति पुत्री शादी अनुदान योजना के लाभार्थी शामिल रहे। मिलेट्स उत्पादन में उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिला किसानों को जिला स्तरीय किसान भूषण पुरस्कार से सम्मानित कर उनके योगदान की सराहना की गई।

**149.77 करोड़ की 30 विकास योजनाओं की सौगात**

मातृशक्ति सम्मेलन के दौरान मुख्यमंत्री ने चमोली जनपद को विकास योजनाओं की भी सौगात दी। उन्होंने कुल 149.77 करोड़ रुपये की 30 योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें 133.59 करोड़ रुपये की 16 योजनाओं का शिलान्यास और 16.18 करोड़ रुपये की 14 योजनाओं का लोकार्पण शामिल है। इन योजनाओं के माध्यम से जनपद में सड़क, पुल, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य बुनियादी सुविधाओं को मजबूत किया जाएगा।

प्रमुख शिलान्यास कार्यों में गोविंदघाट में मोटर पुल निर्माण, ग्वालदम-नंदकेशरी तथा थराली-देवाल-मुंदोली-वाण मोटर मार्गों का सुधारीकरण, हापला-मसौली से गुडम नैल और ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग से जयकंडी-ग्वाड़ मोटर मार्ग का निर्माण शामिल है। वहीं, लोकार्पित योजनाओं में आईटीआई गोपेश्वर में कार्यशाला निर्माण, गौचर एवं उर्गम में स्वास्थ्य इकाइयों का विकास, विभिन्न राजकीय इंटर कॉलेजों में प्रयोगशालाओं और कक्षा-कक्षों का निर्माण तथा आयुर्वेदिक चिकित्सालयों से जुड़े कार्य शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने क्षेत्र की सड़क कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के लिए हेलंग-डूंगरी बरोसी मोटर मार्ग, गोपेश्वर-पोखरी मोटर मार्ग और त्रिशूला-भदूड़ा मोटर मार्ग के निर्माण एवं सुधारीकरण की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में बेहतर सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। विकास योजनाओं का लाभ अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, जनपद प्रभारी मंत्री भरत सिंह चौधरी, विधायक अनिल नौटियाल और भूपाल राम टम्टा, भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट, नगर पंचायत अध्यक्ष पीपलकोटी आरती नवानी, दर्जा मंत्री ऋषि प्रसाद सती, रामचंद्र गौड़, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष गजेंद्र सिंह रावत, जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार और मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।

पीपलकोटी में आयोजित मातृशक्ति सम्मेलन के जरिए मुख्यमंत्री ने जहां महिलाओं के आर्थिक और सामाजिक सशक्तीकरण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई, वहीं चमोली जनपद को करोड़ों रुपये की विकास योजनाओं की सौगात देकर क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार का संदेश भी दिया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *